वाराणसी में फिर चेन स्नैचिंग, अब बीएचयू पुलिस चौकी के पास वारदात
बीएचयू पुलिस चौकी से महज तीन सौ मीटर की दूरी पर बुधवार रात नौ बजे बाइक सवार ने एक महिला की चेन छीन ली। महिला के शोर मचाने पर जब तक लोग जुटते बदमाश निकल भागा। डायल 112 पर सूचना देने के करीब 20 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची। लंका थानाध्यक्ष ने भी बाद में मौका मुआयना किया। उन्होंने बताया कि बदमाश काले रंग जैकेट और हेलमेट लगाया था। वह अकेले ही था।
क्षेत्र के सीरगोबर्धनपुर मे जवाहिर यादव के बेटे विवेक की शादी थी। विवेक की फुफेरी बहन रेखा बारात में जाने के लिए तैयार होकर घर से बाहर सड़क पर खड़ी थी। इस दौरान पहले से ताक में लगा बाइक सवार उसके गले से चेन नोचकर भाग निकला। रेखा ने शोर मचाया तो लोग वहां पहुंचे। डायल 112 पर सूचना दी गई। इसके बाद 20 मिनट में पुलिस पहुंची। तब तक बदमाश भाग निकला था।
लंका में आठ दिन में तीसरी चेन स्नेचिंग
लंका क्षेत्र में आठ दिन में चेन स्नेचिंग की यह तीसरी घटना है। इसके पहले 19 फरवरी को भगवानपुर में शाम 4.30 बजे चेन स्नेचिंग हुई थी। उसी दिन राजेंद्र विहार कॉलोनी में शाम करीब छह बजे स्नेचिंग की घटना हुई। बुधवार रात नौ बजे फिर से चेन स्नेचिंग की घटना हुई। पुलिस तीनों मामलों में बदमाशों को पकड़ने में असफल रही है।
मंडुवाडीह में भी चार दिन में तीन स्नेचिंग
23 फरवरी : सुंदरपुर की महिला शिफला देवी से ककरमत्ता ओवरब्रिज के पास चेन स्नेचिंग।
21 फरवरी : मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के नीलकंठपुरम कॉलोनी में सुबह 8.30 बजे।
20 फरवरी : मंडुवाडीह सरकारीपुरा निवासी मोढ़ैला मार्ग पर नर्सरी के पास दोपहर 1.18 बजे।